चंद्रमा का वो हिस्सा जहां चंद्रयान-3 उतरा है वो स्थान अब ‘शिव-शक्ति’ के नाम से जाना जाएगा

पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग जगह का नाम बताया है. पीएम मोदी इसरो वैज्ञानिकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे थे. यहां वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, मेरे परिवार के सदस्यों, आप जानते हैं कि अंतरिक्ष मिशन के टचडाउन बिंदु को एक नाम देने की एक वैज्ञानिक परंपरा है।
भारत ने चंद्रमा के उस हिस्से का नाम भी रखने का फैसला किया है, जिस पर हमारा चंद्रयान उतरा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि चंद्रयान 3 का मून लैंडर जिस स्थान पर उतरा, उसे अब शिव शक्ति के नाम से जाना जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी की जितनी प्रशंसा करूं वह कम है. मैं आपकी पर्याप्त सराहना नहीं कर सकता. मैंने वो फोटो देखी जिसमें हमारा मून लैंडर अंगद की तरह मजबूती से चंद्रमा पर अपना पैर जमाए हुए है. एक तरफ विक्रम का विश्वास है, दूसरी तरफ प्रज्ञान की बहादुरी है.
उन्होंने कहा कि हमारी बुद्धिमत्ता चंद्रमा पर लगातार अपने पदचिह्न छोड़ रही है. कैमरे से ली गई तस्वीरें अद्भुत हैं. मानव सभ्यता में पहली बार, पृथ्वी के लाखों वर्षों के इतिहास में पहली बार, उस जगह की तस्वीर पहली बार इंसान की आंखों ने देखी है। पीएम ने कहा कि भारत ने दुनिया को ये तस्वीर दिखाने का काम किया है.